- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- PDA के दम पर 2027 में बनेगी सपा की सरकार: युवा संवाद में नेताओं का दावा
PDA के दम पर 2027 में बनेगी सपा की सरकार: युवा संवाद में नेताओं का दावा
बलिया। सहतवार स्थित एक निजी स्कूल में बुधवार रात समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता नीरज सिंह ‘गुड्डू’ के नेतृत्व में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया और छात्रसंघ चुनाव, बेरोजगारी, महंगाई, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति तथा विकास योजनाओं में भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को खुलकर उठाया।
युवा संवाद के दौरान सपा नेताओं ने दावा किया कि ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के दम पर 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू ने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में आम लोग त्रस्त हैं, जबकि अधिकारी मस्त हैं। तहसील, थाना और ब्लॉक स्तर पर आम जनता की सुनवाई नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने ‘मन की बात’ करते हैं, जबकि इस कार्यक्रम में युवाओं के ‘मन की बात’ सुनी गई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उठाए गए मुद्दों के समाधान के लिए वह अपने स्तर पर और पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के माध्यम से प्रयास करेंगे।
नीरज सिंह गुड्डू ने दावा किया कि सरकार से पीड़ित और अपमानित 90 प्रतिशत लोग मिलकर 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएंगे।
इस दौरान उन्होंने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का मोमेंटो, अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर स्वागत किया।
कार्यक्रम में बच्चा पासवान, सुनील वर्मा, हीरालाल वर्मा, वीरेंद्र यादव, ओपी यादव, राजू सिंह, विन्दा वर्मा, शैलेंद्र पासवान, अंगद यादव, दीपक यादव, प्रदीप चौरसिया, ब्रह्मदेव यादव, नंदजी यादव, नितेश यादव, टुनटुन यादव और राजेश यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।
