बाबा साहब आंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाने की अपील, फेडरेशन ने दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश

भोपाल। ऑल इंडिया एस.सी./एस.टी./ओ.बी.सी. माइनॉरिटी फेडरेशन ने भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती को प्रदेशभर में हर्षोल्लास और सम्मान के साथ मनाने की अपील की है। संगठन ने समाज के सभी वर्गों से बाबा साहब के विचारों को अपनाते हुए समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील कुमार रामटेके ने कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक न्याय की राह दिखाता है। उन्होंने कहा कि जयंती के अवसर पर सभी को उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।

यह भी पढ़े - एक बार फिर इंदौर का नाम रोशन, करण धनेलिया बने ‘बारटेंडर ऑफ द ईयर 2026’

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बंटी वैष्णिक ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने देश को संविधान के रूप में एक मजबूत नींव दी है। उनके अनुसार यह जयंती केवल उत्सव नहीं, बल्कि उनके विचारों को आत्मसात करने का अवसर है।

वहीं संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि आज के समय में बाबा साहब के विचार पहले से अधिक प्रासंगिक हैं। उन्होंने युवाओं से उनके सिद्धांतों को अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की अपील की।

कार्यक्रम को लेकर संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सहमति जताई। इनमें एस.आर. नागले, कैलाश बाईकर, कप्तान अक्षय कुमार, एडवोकेट सुरेशचंद पंडित, योगेश पाटे और कृष्णा सुनटे सहित अन्य लोग शामिल रहे।

फेडरेशन ने नागरिकों से अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित करने, गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद करने तथा बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.