प्यार में अंधी बहन बनी भाई की कातिल, भांजे ने खोला मैनपुरी हत्याकांड का राज

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र के कुसमरा में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने सगे भाई करण मिश्रा (25) की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, भाई दोनों के प्रेम संबंधों में बाधक बन रहा था, जिसके चलते उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।

जानकारी के मुताबिक, करण अपनी बहन पूजा दुबे को उसके ससुराल कुसमरा छोड़ने गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। शुरुआत में पूजा ने परिवार को गुमराह करते हुए कहा कि करण घर के लिए निकल चुका है और जल्द पहुंच जाएगा। शक बढ़ने पर परिजनों ने पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी।

यह भी पढ़े - बलिया : कुएं से मिले लावारिस शव का देवाश्रम ने कराया विधि-विधान से अंतिम संस्कार

मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब पूजा के 10 वर्षीय बेटे रितिक ने पूरी घटना का खुलासा कर दिया। बच्चे ने बताया कि रात में जितेंद्र उर्फ जीतू घर आया था और उसने मामा करण को गोली मार दी। बच्चे ने यह भी बताया कि उसकी मां ने भी इस वारदात में आरोपी का साथ दिया। इसी बयान के बाद पुलिस ने आरोपी प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम धर्मगदपुर के पास झाड़ियों से करण का शव बरामद किया। शव के सिर में गोली मारने के निशान मिले हैं। पुलिस ने बहन पूजा और उसके प्रेमी दोनों को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद घर में बिखरे खून के निशान भी साफ करने की कोशिश की गई थी, लेकिन बच्चे के बयान ने पूरी साजिश से पर्दा उठा दिया। फिलहाल पुलिस हत्या, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में आगे की कार्रवाई कर रही है।

यह वारदात इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि प्रेम संबंधों के चलते एक बहन ने अपने ही भाई की हत्या की साजिश रच दी।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.