- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में पूर्व चेयरमैन के बेटे पर जानलेवा हमला, 12 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बलिया में पूर्व चेयरमैन के बेटे पर जानलेवा हमला, 12 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बलिया। बेल्थरारोड नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन अशोक कुमार मधुर के पुत्र अमित मद्धेशिया उर्फ सिंटू (28) पर गुरुवार रात अराजक तत्वों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9 बजे अमित मद्धेशिया गोकुल कैफे के पास फ्राइड राइस लेने गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर लोहे की रॉड और डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों के पास पिस्टल भी थी और पिस्टल के बट से भी वार किया गया, जिससे अमित के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
घायल अमित ने बताया कि हमला अचानक हुआ, जिससे वह कुछ समझ ही नहीं सके। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही उभांव थाना पुलिस और डायल 112 टीम रात करीब 10 बजे मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने नामजद आरोपियों के साथ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को हिरासत में लिया जाएगा।
