पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद थिंक गैस की त्वरित कार्रवाई, जल्द बहाल की गई गैस आपूर्ति

भोपाल, जून 2026: भोपाल के बावड़िया कलां रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक दूरसंचार कंपनी के थर्ड पार्टी ठेकेदार द्वारा की जा रही खुदाई के दौरान थिंक गैस की सिटी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इस वजह से गैस रिसाव की स्थिति उत्पन्न हुई और आसपास की कई आवासीय सोसायटियों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही थिंक गैस की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम तत्काल मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के हिस्से को सुरक्षित रूप से अलग कर मरम्मत कार्य शुरू किया। कंपनी की त्वरित कार्रवाई से किसी बड़े हादसे की संभावना टल गई और प्रभावित उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गैस आपूर्ति शीघ्र बहाल कर दी गई।

यह भी पढ़े - चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने किया पश्चिमी कमान का दौरा, परिचालन तैयारियों की समीक्षा कर पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित

कंपनी ने बताया कि भोपाल में घरेलू उपभोक्ताओं को पीएनजी और परिवहन क्षेत्र के लिए सीएनजी उपलब्ध कराने हेतु मजबूत गैस पाइपलाइन नेटवर्क स्थापित किया गया है। पाइपलाइन मार्गों पर रूट मार्कर, चेतावनी संकेत और आपातकालीन संपर्क बोर्ड भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद संबंधित ठेकेदार ने खुदाई शुरू करने से पहले कंपनी को कोई सूचना नहीं दी और घटना के बाद भी इसकी जानकारी नहीं दी गई।

थिंक गैस ने बताया कि सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार किसी भी एजेंसी, ठेकेदार या व्यक्ति को खुदाई कार्य शुरू करने से पहले नगर निगम या संबंधित सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी को ‘डायल बिफोर यू डिग’ प्रक्रिया के तहत सूचना देना अनिवार्य है। नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए कंपनी ने जिम्मेदार पक्ष के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।

कंपनी ने सभी निर्माण एजेंसियों, ठेकेदारों और नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की खुदाई से पहले संबंधित गैस कंपनी को सूचना दें और सुरक्षा मानकों का पालन करें। खुदाई से पूर्व जानकारी देने के लिए थिंक गैस का टोल फ्री नंबर 1800 2022 999 उपलब्ध है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.