- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में बनेगा महर्षि भृगु कॉरिडोर, 65 करोड़ की परियोजना को मिला आकार
बलिया में बनेगा महर्षि भृगु कॉरिडोर, 65 करोड़ की परियोजना को मिला आकार
बलिया, जनपद में धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को नई पहचान देने की दिशा में महर्षि भृगु कॉरिडोर परियोजना को आगे बढ़ाया गया है। जिलाधिकारी द्वारा प्रस्तावित इस परियोजना का प्रस्ताव धर्मार्थ विभाग, उत्तर प्रदेश शासन को भेजा गया है, जिसकी प्रतिलिपि नगर विकास विभाग को भी प्रेषित की गई है।

भृगु मंदिर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 5 लाख से अधिक श्रद्धालु गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं, जबकि ददरी मेले में 50 लाख से अधिक लोग भाग लेते हैं। इसके अलावा गुरु पूर्णिमा, दीपावली और होली जैसे पर्वों पर भी यहां भारी भीड़ उमड़ती है।
परियोजना को लेकर मुख्य राजस्व अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति ने भृगु समिति, चित्रगुप्त समिति और मंदिर पुजारियों के साथ बैठक कर सुझाव लिए हैं। समिति में नगर मजिस्ट्रेट, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर और नगर पालिका परिषद के प्रतिनिधि शामिल हैं।

कॉरिडोर का विस्तृत आर्किटेक्ट प्लान तैयार कर लिया गया है। नगर पालिका की परिसंपत्तियों और विद्युत विभाग के शिफ्टिंग चार्ज का भी आकलन किया जा चुका है। परियोजना की कुल लागत करीब 65.18 करोड़ रुपये आंकी गई है, जिसमें लगभग 4.67 करोड़ रुपये परिसंपत्ति अधिग्रहण पर खर्च होंगे।

बताया गया कि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के प्रयासों से इस परियोजना के लिए बजट का प्रावधान भी किया गया है। महर्षि भृगु कॉरिडोर के निर्माण से बलिया को नया स्वरूप मिलेगा और पर्यटन के साथ-साथ धार्मिक महत्व भी और अधिक सशक्त होगा।
