भारत मंडपम घटना पर विधानसभा में बोले मुख्यमंत्री योगी, युवा कांग्रेस के प्रदर्शन को निंदनीय बताया

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बजट सत्र के समापन पर विधानसभा को संबोधित करते हुए नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान युवा कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एआई इम्पैक्ट समिट में 20 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष और प्रधानमंत्री शामिल हुए थे, जबकि दुनिया के 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि इसमें भाग ले रहे थे। उन्होंने कहा कि ऐसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन के दौरान भारत मंडपम में विरोध प्रदर्शन करना निंदनीय है।

यह भी पढ़े - कानपुर : प्रेमिका से मिलने गए युवक का रेलवे ट्रैक के पास मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में कहा, “जब पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही थी, उस समय भारत मंडपम में युवा कांग्रेस द्वारा किया गया कृत्य शर्मनाक है। इस तरह की गतिविधियों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि प्रभावित होती है।”

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उससे जुड़े संगठनों ने देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद और आरोप-प्रत्यारोप स्वाभाविक हैं, लेकिन देश की छवि से खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अराजकता फैलाने के प्रयासों की प्रत्येक भारतवासी को निंदा करनी चाहिए और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने अमेरिका के साथ हुए अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए थे।

इस संबंध में भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि संगठन का प्रदर्शन एआई इम्पैक्ट समिट के खिलाफ नहीं था, बल्कि अमेरिका के साथ हुए अंतरिम व्यापार समझौते के विरोध में किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह समझौता किसानों और युवाओं के हितों के खिलाफ है और इसी कारण संगठन ने विरोध दर्ज कराया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.