- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह, 227 जोड़े विवाह बंधन में बंधे
बलिया में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह, 227 जोड़े विवाह बंधन में बंधे
बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में 227 जोड़े एक साथ विवाह बंधन में बंधे। यह आयोजन राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड में किया गया।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि पहले इस योजना के अंतर्गत प्रति जोड़ा 50 हजार रुपये की सहायता दी जाती थी, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया है। इससे बेटियों के विवाह में किसी प्रकार की कमी नहीं रहती।
उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों के सम्मान और संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है और वर पक्ष को बेटियों को सम्मान देने की अपील की। मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रति जोड़े एक लाख रुपये की सहायता दी जा रही है। इसमें 60 हजार रुपये वधू के खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजे जाएंगे, जबकि 25 हजार रुपये की उपहार सामग्री प्रत्येक जोड़े को प्रदान की गई। इसके अलावा अन्य मदों में भी राशि खर्च की जा रही है।
उन्होंने बताया कि विवाह उपहार के रूप में घरेलू उपयोग की 24 प्रकार की सामग्री, मिठाई, ड्राई फ्रूट्स, फोटोग्राफ एल्बम सहित अन्य सुविधाएं दी गईं। कार्यक्रम स्थल पर नाश्ता, भोजन, विवाह पंजीकरण, सेल्फी प्वाइंट और वधुओं के लिए ब्यूटी पार्लर की भी व्यवस्था की गई।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, समारोह में जिले के नौ विकास खंडों से कुल 227 जोड़े शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
