पिता को फोन कर गंगा में कूदने की बात बताई, पुल पर पहुंचते ही युवक ने नदी में लगाई छलांग

बलिया: बिहार को उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाले बक्सर स्थित पुराने वीर कुंवर सिंह सेतु से शनिवार को एक युवक के गंगा नदी में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही बक्सर गोलंबर पोस्ट की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। युवक की पहचान नरही थाना क्षेत्र के टुटवारी गांव निवासी 22 वर्षीय श्रीकांत पासवान के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि श्रीकांत के पिता श्याम नारायण पासवान भरौली में खाद-बीज की दुकान पर काम करते हैं। श्रीकांत ने फोन कर पिता को बताया कि वह गंगा नदी में कूदने जा रहा है। बेटे की बात सुनकर पिता घबरा गए और तुरंत बाइक से वीर कुंवर सिंह सेतु की ओर रवाना हो गए।

यह भी पढ़े - बलिया में क्लीनिक संचालिका की पीट-पीटकर हत्या, लोहे की रॉड से वार का आरोप

पिता जब पुल पर पहुंचे तो श्रीकांत उनसे करीब 100 मीटर की दूरी पर था। इसी दौरान रास्ते में बाइक का तेल खत्म हो गया। श्याम नारायण बाइक छोड़कर बेटे की ओर बढ़ने लगे। बताया जा रहा है कि पिता को अपनी ओर आते देख श्रीकांत ने गंगा नदी में छलांग लगा दी।

घटना के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सूचना मिलने पर गोलंबर पोस्ट की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

गोलंबर पोस्ट प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि गंगा नदी में युवक के कूदने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है और युवक की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। घटना के बाद श्रीकांत के परिवार में मातम का माहौल है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.