बलिया में सराफा कारोबारी से आभूषणों से भरा बैग लूटा, बाइक सवार बदमाश फरार

बलिया: नरही थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने ज्वेलरी की दुकान बंद कर घर लौट रहे सराफा कारोबारी को रास्ते में रोककर आभूषणों से भरा बैग लूट लिया। वारदात के बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

नरही थाना क्षेत्र के उजियार गांव निवासी आशीष वर्मा पुत्र कैलाश प्रसाद वर्मा शनिवार शाम अपनी ज्वेलरी की दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। वह कुमकुम पट्टी (उजियार) के पास पहुंचे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।

यह भी पढ़े - बलिया: राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत सही मिली, सहतवार की सरकारी राशन दुकान निलंबित

आशीष कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाशों ने उनके पास मौजूद आभूषणों से भरा बैग छीन लिया और तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद सराफा कारोबारी ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घटना के शीघ्र अनावरण और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.