- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में क्लीनिक संचालिका की पीट-पीटकर हत्या, लोहे की रॉड से वार का आरोप
बलिया में क्लीनिक संचालिका की पीट-पीटकर हत्या, लोहे की रॉड से वार का आरोप
बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में मंगलवार की रात क्लीनिक संचालिका की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। नगरा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत नगरा स्थित गड़वार मोड़ पर बदमाशों ने क्लीनिक संचालिका कंचन भारती (35) की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर थानाध्यक्ष संजय मिश्र पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। क्लीनिक को भी सील कर दिया गया है।
एडिशनल एसपी उत्तरी दिनेश शुक्ल ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। डॉग स्क्वायड और एसएफएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान के लिए हर पहलू से जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
