बलिया में युवक पर जानलेवा हमला, पीठ में लगी दो गोलियां; कई संदिग्ध हिरासत में

बलिया: दोकटी थाना क्षेत्र के रामपुर वाजिदपुर (दलन छपरा) गांव में पुरानी रंजिश को लेकर 22 वर्षीय युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। फायरिंग में युवक की पीठ में दो गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घायल की पहचान सोनू यादव पुत्र विनोद यादव के रूप में हुई है। सोनू के मुताबिक, पूर्व में हुए विवाद को लेकर कुछ लोगों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह भी पढ़े - बलिया में बाढ़ के पानी में नहाते समय दो किशोर डूबे, मौत; परिवार में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम जिला अस्पताल पहुंची। अपर पुलिस अधीक्षक ने भी मौके पर पहुंचकर घायल और परिजनों से घटना की जानकारी ली।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने बताया कि परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना की जांच जारी है और फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.