बलिया में स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, होमगार्ड घायल

बलिया: राजधानी रोड पर चिलकहर पेट्रोल पंप के पास स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन परिजन उसे इलाज के लिए मऊ लेकर चले गए। घटना की सूचना पर पहुंची गड़वार थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, फत्तेपुर, फेफना निवासी अरशद अहमद (38) अपने साथी ओमप्रकाश गुप्ता (45) निवासी तिवारीपुर, फेफना के साथ बाइक से जा रहे थे। ओमप्रकाश होमगार्ड जवान बताए जा रहे हैं। चिलकहर पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक की स्कॉर्पियो से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह भी पढ़े - बलिया: शॉर्ट सर्किट से टेंट हाउस के गोदाम में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को पीएचसी चिलकहर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अरशद अहमद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, ओमप्रकाश की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में परिजन उन्हें इलाज के लिए मऊ लेकर चले गए।

स्कॉर्पियो में पूर्व विधायक के सवार होने की चर्चा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो में बैरिया के पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह सवार थे। बताया जा रहा है कि वह दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित सर्वदलीय सभा में शामिल होने के बाद बलिया की ओर लौट रहे थे। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस ने बताया कि मृतक के शव को मोर्चरी हाउस बलिया भेज दिया गया है। घटना के बाद मौके पर कानून-व्यवस्था से संबंधित कोई समस्या नहीं है। अरशद अहमद संवरा में दुकान चलाते थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.