- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया: राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत सही मिली, सहतवार की सरकारी राशन दुकान निलंबित
बलिया: राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत सही मिली, सहतवार की सरकारी राशन दुकान निलंबित
बांसडीह, बलिया: राशन वितरण में अनियमितता और कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न नहीं देने की शिकायत जांच में सही पाए जाने के बाद सहतवार नगर पंचायत के वार्ड नंबर-5 की सरकारी राशन दुकान को निलंबित कर दिया गया है। डीएम के अनुमोदन के बाद जिला पूर्ति अधिकारी ने उचित दर विक्रेता गीता देवी की दुकान के निलंबन का आदेश जारी किया है।
सभासदों ने की थी शिकायत
सहतवार के वार्ड नंबर-5 के सभासद रंजीत कुमार वर्मा और वार्ड नंबर-11 की सभासद कविता वर्मा ने 4 जून 2026 को राशन दुकान के खिलाफ शिकायत की थी। आरोप लगाया गया था कि कोटेदार कई महीनों से कार्डधारकों को नियमित रूप से राशन नहीं दे रही हैं।
शिकायत में कहा गया था कि ई-पॉस मशीन में अंगूठा लगवाने के बाद भी कार्डधारकों को यह कहकर लौटा दिया जाता था कि खाद्यान्न अभी नहीं आया है। इसके अलावा दुकान पर मनमानी और राशन की कालाबाजारी के आरोप भी लगाए गए थे।
जांच में मिलीं कई अनियमितताएं
शिकायत के आधार पर खाद्य अधिकारी बांसडीह ने 12 जून 2026 को राशन दुकान का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण के समय वितरण दिवस पर दुकान बिना सूचना बंद मिली। दुकान पर आवश्यक सूचनाओं वाले साइन बोर्ड, निर्धारित रेट, स्टॉक बोर्ड, सतर्कता समिति के सदस्यों के नाम, अंत्योदय राशन कार्डों की सूची और टोल-फ्री नंबर भी प्रदर्शित नहीं मिले।
जांच में स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर प्रस्तुत नहीं करने तथा जांच में सहयोग नहीं करने की बात भी सामने आई। इसके अलावा कार्डधारकों को नियमित रूप से खाद्यान्न नहीं देने और ई-पॉस मशीन में अंगूठा लगवाने के बाद भी राशन नहीं देने संबंधी शिकायतें भी जांच में दर्ज की गईं।
जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया।
