बलिया की बेटी पलक गुप्ता ने राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में जीता रजत पदक, विद्यालय में हुआ सम्मान

Ballia News: उत्तराखंड के देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में 12 से 15 जून 2025 तक आयोजित चौथी राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में बलिया की पलक गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन के तत्वावधान में आयोजित की गई थी।

बलिया शोतोकान कराटे एसोसिएशन की खिलाड़ी पलक गुप्ता ने कैडेट 14 वर्ष -54 किलोग्राम वर्ग में उपविजेता बनकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की। वहीं, एसोसिएशन के ही खिलाड़ी आहिल रजा 9 वर्ष +35 किलोग्राम वर्ग में पूल-2 के सेमीफाइनल राउंड तक पहुंचे, हालांकि उन्हें वहां हार का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़े - Ballia News : गंगा-सरयू घाटों पर नाव सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, बिना पंजीकरण नाव संचालन पर रोक

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए पलक गुप्ता और आहिल रजा को बलिया शोतोकान कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. कुंवर अरुण सिंह गामा और सनबीम स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. अर्पिता गुप्ता ने विद्यालय परिसर में सम्मानित किया।

एसोसिएशन के महासचिव सिहान एल. बी. रावत ने प्रतियोगिता में जज एवं रेफरी की भूमिका निभाई, जिनका भी कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष हंसी भरत शर्मा द्वारा मोमेंटो देकर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. कुंवर अरुण सिंह ने कहा, "पलक गुप्ता ने बलिया की बेटियों के लिए एक मिसाल कायम की है। वह उन लड़कियों के लिए प्रेरणा हैं, जो अपने सपनों को साकार करने के लिए मेहनत कर रही हैं।"

इस मौके पर पंकज सिंह (विभागाध्यक्ष – शारीरिक शिक्षा), उपाध्यक्ष कृष्ण मोहन यादव, कोषाध्यक्ष सुमित पाठक, नीरज कुमार सिंह, पंकज, भगवान गुप्ता समेत कई लोग मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.