Ballia News : पति से विवाद के बाद पत्नी ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत

बलिया। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के महथापार गांव में रविवार शाम एक घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने आत्मघाती कदम उठा लिया। मोबाइल को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के बाद पत्नी ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतका के पति को हिरासत में ले लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, सरियांव निवासी रूनी (27) पुत्री अरविंद वर्मा, की शादी महथापार गांव के धर्मेंद्र वर्मा से हुई थी। रविवार की शाम रूनी अपने मोबाइल पर कुछ देख रही थी, तभी धर्मेंद्र ने मोबाइल मांगा। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई और धर्मेंद्र ने रूनी को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद वह घर से बाहर चला गया।

यह भी पढ़े - Ballia News : एनएच-31 पर टेलर से टकराई बाइक, युवक की मौत

कुछ ही देर बाद रूनी ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो वे उसे तुरंत सिकंदरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के पिता ने थाने में तहरीर दी है। रूनी अपने पीछे दो मासूम बेटियां, रोली (5) और गोलू (3) छोड़ गई है। एसएचओ प्रवीण सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.