Ballia News : दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक युवक की मौत, तीन गंभीर घायल

बलिया। सहतवार थाना क्षेत्र के त्रिकालपुर गांव के पास गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम छा गया। पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के बिगही गांव निवासी जितेंद्र राम (27) अपने मित्र शिव पूजन (28) के साथ बाइक से सहतवार से रेवती की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे त्रिकालपुर गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही बाइक, जिस पर रजौली गांव निवासी धर्मेंद्र राजभर (24) और रायडीह गांव निवासी सुजीत कुमार (23) सवार थे, से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।

यह भी पढ़े - बलिया : 9 मई की राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए एडीआर भवन में बैठक, अधिकारियों को दिए गए निर्देश

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को सहतवार पीएचसी भिजवाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जितेंद्र राम को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीन युवकों का इलाज चल रहा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.