- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News : प्रेमिका को साथ ले जाने की जिद में हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ा युवक, घंटों मशक्कत के बाद उतर...
Ballia News : प्रेमिका को साथ ले जाने की जिद में हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ा युवक, घंटों मशक्कत के बाद उतरा
बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गोंडा जनपद से आया एक युवक कथित प्रेमिका को अपने साथ ले जाने की जिद में 132 केवी के हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पीआरवी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती और उसके परिजनों को भी मौके पर बुलाया। काफी देर तक समझाने-बुझाने और बातचीत के बाद युवक नीचे उतरने को राजी हुआ। इस दौरान घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही और तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
युवक का दावा है कि उसकी गड़वार क्षेत्र की एक युवती से करीब चार माह पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से जान-पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवती उसके साथ गोंडा चली गई, जहां दोनों ने मंदिर में विवाह करने का दावा किया। युवक के अनुसार, करीब दो माह साथ रहने के बाद युवती अपने मायके लौट आई। जब वह उसे वापस ले जाने पहुंचा तो परिजनों ने विरोध किया और उसके साथ मारपीट की।
घटना के बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। थाना प्रभारी हितेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
तीन माह में टॉवर पर चढ़ने की सातवीं घटना
जनपद में पिछले तीन माह के दौरान टॉवर पर चढ़कर अपनी मांग मनवाने की यह सातवीं घटना बताई जा रही है। इससे पहले प्रेम प्रसंग, पारिवारिक विवाद और अन्य मांगों को लेकर चार युवतियां और दो युवक विभिन्न क्षेत्रों में बिजली या मोबाइल टॉवर पर चढ़ चुके हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं और लोगों से किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लेने की अपील की जा रही है।
