Ballia News : शराब दुकान के विरोध में महिलाओं और युवाओं का प्रदर्शन, एसडीएम ने लोकेशन समीक्षा के दिए निर्देश

बांसडीह (बलिया)। क्षेत्र के मंगलपुरा गांव के मुख्य चौराहे पर हाल ही में आवंटित शराब की दुकान के विरोध में शनिवार को महिलाओं और युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने अंबेडकर तिराहा से तहसील परिसर तक मार्च निकालकर दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान लोगों के हाथों में बैनर और तख्तियां थीं, जिन पर "शराब नहीं, शिक्षा का माहौल चाहिए" जैसे संदेश लिखे हुए थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि दुकान खुलने के बाद से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था प्रभावित होने लगी है और मुख्य मार्ग पर सुबह से ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा है।

यह भी पढ़े - Ballia News: चोरी का मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर युवक जियो टावर पर चढ़ा, 4.30 घंटे बाद सुरक्षित उतरा

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शराब की दुकान के कारण बेटियों और महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। अभिभावकों ने चिंता जताई कि इसका नकारात्मक प्रभाव स्कूली बच्चों के भविष्य और सामाजिक वातावरण पर पड़ सकता है।

तहसील परिसर में प्रदर्शन और हंगामे की सूचना मिलने पर एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी ने ग्रामीणों को वार्ता के लिए बुलाया। बैठक में उन्होंने ग्रामीणों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं को गंभीरता से लिया और आबकारी विभाग के अधिकारियों को दुकान की वर्तमान लोकेशन की समीक्षा करने के निर्देश दिए।

एसडीएम ने कहा कि राजस्व से अधिक महत्वपूर्ण नागरिकों की सुरक्षा और सामाजिक व्यवस्था है। उन्होंने आबकारी निरीक्षक को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की सहमति और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल अपना धरना स्थगित कर दिया है, लेकिन चेतावनी दी है कि यदि शराब की दुकान को स्थानांतरित नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.