- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News : पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की स्मृति में आयोजित तीसरे स्वास्थ्य शिविर में उमड़ा जनसै...
Ballia News : पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की स्मृति में आयोजित तीसरे स्वास्थ्य शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 2363 मरीजों का हुआ उपचार
बलिया। पूर्व प्रधानमंत्री जननायक चंद्रशेखर के जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘जननायक की स्मृति में जनसेवा का संकल्प’ अभियान के तहत रविवार को गड़हांचल क्षेत्र के पिपरा गांव में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बावजूद हजारों लोगों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। मरीजों की भारी भीड़ के चलते चिकित्सकों की टीम देर शाम तक सेवा में जुटी रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सुषमा शेखर ने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
विभिन्न रोगों के लिए बने अलग-अलग काउंटर
शिविर में हड्डी रोग, बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, हृदय रोग, सामान्य चिकित्सा, नेत्र रोग और चर्म रोग के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। मरीजों की रक्त जांच, नेत्र परीक्षण, हृदय जांच समेत अन्य आवश्यक चिकित्सकीय जांचें भी निःशुल्क की गईं।
जरूरतमंद मरीजों को चश्मों का वितरण किया गया तथा मोतियाबिंद समेत अन्य नेत्र रोगों के ऑपरेशन के लिए पंजीकरण भी किया गया। हड्डी रोग विभाग के काउंटर पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। नेत्र रोग विशेषज्ञ देर शाम तक मरीजों की जांच करते रहे।
हर नागरिक तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना लक्ष्य : डॉ. सुषमा शेखर
स्वास्थ्य शिविर को संबोधित करते हुए डॉ. सुषमा शेखर ने कहा कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है और इसी उद्देश्य से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, "फेफना विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना मेरा लक्ष्य है। जननायक चंद्रशेखर के सेवा और समर्पण के भाव को आगे बढ़ाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। जनसेवा ही हमारा धर्म है।"
उन्होंने बताया कि अगले चरण में चयनित मरीजों के नेत्र ऑपरेशन पूरी तरह निःशुल्क कराए जाएंगे। शिविर में 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम रही मौजूद
शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सौरभ राय और डॉ. संतोष चौधरी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजलि कुमार सुमन, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विवेकानंद गुप्त (गैलेक्सी अस्पताल, वाराणसी), फिजिशियन डॉ. पंकज कुमार, डॉ. रितेश सोनी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहित रंजन, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. विमल एवं डॉ. दीपक गुप्ता सहित गैलेक्सी अस्पताल वाराणसी की टीम ने मरीजों का परीक्षण किया।
इस अवसर पर अभय नारायण सिंह, शैलेंद्र सिंह, अनिल सिंह, सुरेंद्र सिंह, मुन्ना सिंह, राजू सिंह, जितेंद्र राय, रियाजुद्दीन राजू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजीव उपाध्याय ने की, जबकि संचालन उपेंद्र सिंह ने किया। पूर्व प्रधान शैलेंद्र सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
