मध्यप्रदेश में धूमधाम से मनाई गई छत्रपति शाहूजी महाराज की 152वीं जयंती, सामाजिक न्याय और संगठन विस्तार का लिया संकल्प

भोपाल, 27 जून 2026। आरक्षण के जनक एवं महान समाज सुधारक की 152वीं जयंती मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में अपना दल (एस) द्वारा उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सामाजिक न्याय, व्यवस्था परिवर्तन और संगठन विस्तार को लेकर कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया।

प्रदेश के कटनी, इंदौर, भोपाल, मऊगंज, सिंगरौली, सागर और सतना समेत कई जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाज के प्रबुद्धजन शामिल हुए।

यह भी पढ़े - डालमिया भारत ने चुनार ग्राइंडिंग यूनिट से शुरू किया पहला सीमेंट डिस्पैच, उत्तर भारत में मजबूत होगी पकड़

अपना दल (एस) के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्यप्रदेश प्रभारी आर.बी. सिंह पटेल ने कहा कि शाहूजी महाराज और डॉ. सोनेलाल पटेल के विचारों को आधार बनाकर पार्टी सामाजिक न्याय, समान भागीदारी और व्यवस्था परिवर्तन के अभियान को निरंतर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि संगठन विस्तार और जनसंपर्क के माध्यम से पार्टी अपनी विचारधारा को प्रदेश के प्रत्येक गांव और बूथ तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने अपने संबोधन में कहा कि छत्रपति शाहूजी महाराज के विचार आज भी सामाजिक समरसता, समान अवसर और न्यायपूर्ण व्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना समाज की सकारात्मक दिशा के लिए आवश्यक है।

कटनी में आयोजित मुख्य समारोह में अपना दल (एस) के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह बिसेन मुख्य अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुभाष पटेल ने की। वक्ताओं ने राजर्षि शाहूजी महाराज के सामाजिक न्याय आधारित सिद्धांत "जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी और जिसकी जितनी हिस्सेदारी, उसकी उतनी भागीदारी" को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान पार्टी के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल के सपनों को साकार करने तथा सदस्यता अभियान के जरिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। इस दौरान कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की।

इंदौर में कार्यक्रम डॉ. अतुल मलिकराम के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जबकि भोपाल में मोहित लाल गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में वरिष्ठ नेता देवेंद्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

मऊगंज जिले के अटरिया में जिलाध्यक्ष अजय बिहारी पटेल के नेतृत्व में जयंती समारोह आयोजित किया गया, जिसमें राष्ट्रीय सचिव सूर्यभान सिंह मुख्य अतिथि रहे। सिंगरौली में जिलाध्यक्ष त्रिलोकी सिंह एवं पूर्व प्रदेश सचिव राजेश पाल के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हुए, जबकि सागर में जिलाध्यक्ष मनीष सिरवैया की अध्यक्षता और सतना में सीता शरण सिंह के नेतृत्व में जयंती समारोह संपन्न हुए।

कार्यक्रमों में सामाजिक समरसता, समान अवसर और संगठनात्मक मजबूती के संदेश के साथ राजर्षि शाहूजी महाराज के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.