Ballia News: पारिवारिक कलह से तंग चार बच्चों की मां ने गंगा में लगाई छलांग, शव मिला शिवपुर घाट पर

बलिया। दोकटी थाना क्षेत्र के सावनछपरा गांव में पारिवारिक कलह से परेशान एक महिला ने शनिवार की शाम घर छोड़ दिया और रविवार को उसका शव गंगा नदी में उतराता हुआ मिला। मृतका की पहचान सावनछपरा निवासी कन्हैया सिंह की पत्नी प्रमिला के रूप में हुई है। प्रमिला चार बच्चों की मां थी और लंबे समय से ससुराल में हो रहे विवादों से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी।

प्रमिला के पिता हरेराम सिंह, जो दलकी नम्बर एक गांव के निवासी हैं, ने बेटी की पहचान की और पुलिस को तहरीर देकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बेटी की शादी 10 साल पहले हुई थी, लेकिन शुरू से ही उसे ससुराल में सुख नहीं मिला। पति मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता है, और जब भी घर आता था, प्रमिला के साथ मारपीट करता था। परिजनों का भी रवैया सहयोगी नहीं, बल्कि उत्पीड़न करने वाला था।

यह भी पढ़े - Ballia News : पूर्व महिला प्रधान और उनके पुत्र से मारपीट, मुकदमा दर्ज

शनिवार की शाम पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ फोन पर कहासुनी हुई, जिसके बाद प्रमिला को पीटा गया। इसके बाद वह घर से चली गई, लेकिन किसी ने उसकी खोज नहीं की। रविवार को शिवपुर घाट के पास गंगा नदी में उसका शव उतराता मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका के पिता हरेराम सिंह ने आरोप लगाया कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न का नतीजा है। प्रमिला की सात, पांच और दो साल की तीन बेटियां और तीन साल का एक बेटा है, जो अब मां की ममता से वंचित हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.