Ballia News: दो वांछित अपराधियों पर घोषित हुआ इनाम, सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय

बलिया : पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने जनपद के दो वांछित अपराधियों पर इनाम की घोषणा की है। इनमें एक अभियुक्त पर 25 हजार रुपये, जबकि दूसरे पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इनाम की यह घोषणा अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।

पहला मामला थाना कोतवाली क्षेत्र से जुड़ा है। यहां पंजीकृत मुकदमा संख्या 194/2025, धारा 109(1), 61(2)(क) बीएनएस के अंतर्गत वांछित रोहित वर्मा उर्फ सरल, पुत्र ठाकुर प्रसाद (निवासी देवरिया खुर्द, थाना फेफना, बलिया) की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली की आख्या, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) एवं क्षेत्राधिकारी नगर की संस्तुति के आधार पर एसपी ने ₹25,000 इनाम घोषित किया है।

यह भी पढ़े - Ballia News : पत्नी की विदाई न होने पर दामाद बना हैवान, पत्नी और सास की गला काटकर हत्या

दूसरा मामला थाना सहतवार का है। यहां मुकदमा संख्या 50/2025, धारा 2/3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित बीरबल नट, पुत्र मनरीका नट (निवासी सिंगही, थाना सहतवार) की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक सहतवार की आख्या, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) एवं क्षेत्राधिकारी बांसडीह की संस्तुति पर पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹15,000 का इनाम घोषित किया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति इन वांछित अभियुक्तों के संबंध में गोपनीय सूचना देता है, जिससे उनकी गिरफ्तारी संभव हो सके, तो उसकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उसे घोषित पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

यह पहल अपराध नियंत्रण की दिशा में पुलिस प्रशासन की गंभीरता और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.