- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: करनई में लगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, एक हजार से अधिक लोगों ने कराई जांच
Ballia News: करनई में लगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, एक हजार से अधिक लोगों ने कराई जांच
बलिया। पूर्व प्रधानमंत्री के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर फेफना विधानसभा क्षेत्र में चलाए जा रहे स्वास्थ्य शिविरों की श्रृंखला के तहत शुक्रवार को करनई स्थित वृंदावन शिक्षण संस्थान में विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हजारों लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया।
शिविर में करीब एक हजार लोगों का पंजीकरण किया गया। विभिन्न काउंटरों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का परीक्षण किया तथा दवा स्टॉल के माध्यम से आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर डॉ. सुषमा शेखर ने कहा कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है और इसकी अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं तथा फेफना विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
शिविर में सुबह नौ बजे से ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों के उपचार में जुटी रही। इनमें न्यूरो सर्जन डॉ. विशाल सिंह, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विनीता सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अपूर्वा सिंह, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अविनाश पांडे, फिजिशियन डॉ. एम.के. मिश्रा, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. आर.डी. राम, चेस्ट फिजिशियन डॉ. आर.के. झा, नेत्र सर्जन डॉ. धर्मेंद्र तथा शारदा नारायण अस्पताल, मऊ के चिकित्सक डॉ. विमल कुमार शामिल रहे।
कार्यक्रम में डॉ. मदन राजभर, मनीष सिंह, राकेश सिंह, संजय सिंह, कमलेश राम, राजेश चौहान, मुन्ना चौरसिया, मानवेंद्र विक्रम सिंह, अजय सिंह, अमित गिरी, सोनू सिंह, पिंटू गोंड, सूर्य प्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सुषमा शेखर ने स्वतंत्रता सेनानी वृंदावन मिश्र की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया। कार्यक्रम का संचालन मनीष सिंह ने किया, जबकि आभार ज्ञापन वृंदावन शिक्षण संस्थान के डॉ. श्याम नंदन मिश्रा ने व्यक्त किया।
