Ballia News: सिकंदरपुर की बेटी रागिनी राय ने BPSC में लहराया परचम, बनीं जिला आपूर्ति अधिकारी

बलिया: जिले के सिकंदरपुर क्षेत्र स्थित किशोर चेतन गांव की होनहार बेटी रागिनी राय ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है। उनका चयन जिला आपूर्ति अधिकारी (District Supply Officer) के पद पर हुआ है। इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

रागिनी राय शुरू से ही मेधावी और प्रतिभाशाली छात्रा रही हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सिकंदरपुर के सनराइज कॉन्वेंट स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद कक्षा 9 से 12 तक की शिक्षा रामकृष्ण मिशन, सागरपाली एवं दिल्ली पब्लिक स्कूल, बलिया से पूरी की।

यह भी पढ़े - Ballia News: 21 जून को होगी नीट परीक्षा, जिले में बने 7 परीक्षा केंद्र; डीएम ने दिए कड़े निर्देश

उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने श्री मुरली मनोहर स्नातकोत्तर महाविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल की। वर्ष 2020 में उनका चयन बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक के पद पर हुआ। वर्तमान में वह हैबतपुर में शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं।

शैक्षणिक जीवन में रागिनी ने सदैव उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और प्रत्येक परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सदस्यों को दिया, जिनके मार्गदर्शन, प्रेरणा और सहयोग से वह इस मुकाम तक पहुंच सकीं।

रागिनी राय अपने दो भाइयों विशाल राय और शौरभ राय से बड़ी हैं। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से पिता त्रिलोकी नाथ राय, माता सुनीता राय सहित पूरे परिवार में हर्ष का माहौल है। बड़े पिता प्रेमशंकर राय, चाचा राणा प्रताप राय, रंजीत राय और विपिन बिहारी राय सहित परिजनों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की।

क्षेत्र के लोगों ने रागिनी की इस उपलब्धि को बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताया। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.