- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: कमीशनखोरी के वायरल ऑडियो मामले में पंचायत सचिव निलंबित, डीएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई...
Ballia News: कमीशनखोरी के वायरल ऑडियो मामले में पंचायत सचिव निलंबित, डीएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई
बलिया: जिले के सीयर ब्लॉक क्षेत्र में कथित कमीशनखोरी से जुड़े वायरल ऑडियो प्रकरण में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई प्रारंभिक जांच के आधार पर जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) अविनाश कुमार ने संबंधित पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया है। निलंबन के दौरान उन्हें रसड़ा से संबद्ध किया गया है।
आरोप है कि पंचायत सचिव द्वारा कमीशन नहीं मिलने पर विकास कार्यों के लगभग तीन लाख रुपये के भुगतान को रोक दिया गया था। इसी बीच पंचायत सचिव और प्रधान प्रतिनिधि के बीच विकास कार्य, फॉगिंग तथा कीटनाशक दवा छिड़काव के भुगतान को लेकर कथित कमीशन मांगने का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
ससना बहादुरपुर ग्राम पंचायत के प्रधान बलदेव यादव और अन्य प्रधान प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया था कि सचिव द्वारा भुगतान जारी करने के एवज में 20 प्रतिशत अग्रिम कमीशन की मांग की जा रही थी।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पंचायत सचिव के कार्यक्षेत्र की ग्राम पंचायतों के डोंगल भी निष्क्रिय कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
