Budaun News: प्रेमिका से शादी की जिद में 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, तीन घंटे बाद पुलिस ने उतारा

बदायूं: प्रेम प्रसंग के चलते बरेली के एक युवक ने बदायूं में हाई वोल्टेज ड्रामा कर दिया। प्रेमिका की शादी दूसरी जगह तय होने से आहत युवक रविवार को वजीरगंज पहुंचा और करीब 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़कर वह युवती से शादी न होने पर जान देने की धमकी देने लगा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।

जानकारी के अनुसार, बरेली के अलीगंज निवासी नदीम के बड़े भाई की शादी बदायूं के वजीरगंज क्षेत्र में हुई है। इसी दौरान उसका परिचय अपने भाई की साली से हुआ, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया। दोनों के बीच काफी समय से बातचीत हो रही थी। इसी बीच युवती के परिजनों ने उसका विवाह किसी अन्य स्थान पर तय कर दिया, जिससे नदीम परेशान हो गया।

यह भी पढ़े - Badaun News: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा को रौंदा; 6 महिलाओं की मौत, 3 घायल

रविवार को नदीम वजीरगंज पहुंचा और एवीएस स्कूल के पीछे लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर खड़े होकर वह फिल्मी अंदाज में अपनी बात कहता रहा। उसे देखकर मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और उसे नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। करीब तीन घंटे तक चले समझाने और रेस्क्यू अभियान के बाद युवक नीचे उतरने को तैयार हुआ। पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारकर पूछताछ के लिए थाने भेज दिया।

इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद युवक के परिजन भी बदायूं पहुंच गए। वजीरगंज क्षेत्र में यह मामला पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.