Ballia News : सफाईकर्मियों की हड़ताल हुई समाप्त, बुधवार से काम पर लौटेंगे कर्मचारी

बलिया। नगर पालिका परिषद बलिया के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर मंगलवार को तहसील सदर में वार्ता हुई। कर्मचारियों की 12 सूत्रीय मांगों पर समाधान के लिए सहमति बनते ही हड़ताल खत्म कर दी गई। अब सभी सफाईकर्मी बुधवार सुबह से पुनः कार्यभार संभालेंगे।

बैठक में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे, मंत्री विनोद मिश्रा, मंडल महामंत्री सुशील त्रिपाठी, राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जेपी सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़े - बलिया एजुकेशन: मनःस्थली एजुकेशन सेंटर में वार्षिक परीक्षाफल वितरण, बच्चों को किया गया सम्मानित

चर्चा के दौरान तय किया गया कि कर्मचारियों की सेवा से जुड़े मामलों में संबंधित बाबू की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से तय होगी और उनके लिए समय सीमा भी निर्धारित की जाएगी। निर्धारित समय सीमा पर कार्य पूरा न होने की स्थिति में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तय की जाएगी।

दो माह से लंबित वेतन भुगतान के मुद्दे पर भी सहमति बनी। यह तय किया गया कि वेतन से संबंधित पत्रावली पर यदि चेयरमैन के हस्ताक्षर में विलंब होता है तो शासन स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था के अनुसार शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

सहमति बनने के बाद यूनियन पदाधिकारियों ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा की और कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था अब सामान्य रूप से संचालित होगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.