- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: बेसिक विद्यालयों की गर्मी की छुट्टियों को लेकर नया आदेश, 25 जून से खुलेंगे स्कूल
Ballia News: बेसिक विद्यालयों की गर्मी की छुट्टियों को लेकर नया आदेश, 25 जून से खुलेंगे स्कूल
बलिया: उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन संचालित परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश को लेकर नया अपडेट जारी किया गया है। बीएसए मनीष कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2026 से लागू व्यवस्था के अनुसार छात्र-छात्राओं के लिए प्रत्येक वर्ष 20 मई से 24 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। इसके बाद 25 जून 2026 से विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन शुरू होगा।
इसके अलावा विद्यालय परिसर, रसोईघर और शौचालयों की साफ-सफाई, खेल सामग्री की उपलब्धता, स्मार्ट क्लास एवं आईसीटी लैब को क्रियाशील रखना, बिजली और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इन तैयारियों को पूरा करने के लिए 22, 23 और 24 जून को सभी शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित होकर आवश्यक कार्यों को पूरा करना होगा, ताकि 25 जून को बच्चों के आने के साथ ही नियमित शिक्षण कार्य सुचारु रूप से शुरू हो सके।
साथ ही निर्देश दिया गया है कि प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्यालयों में शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं की सहभागिता से सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा।
