Ballia News: सौतेली मां, बड़े पिता और एक अन्य पर हत्या का मुकदमा दर्ज, संपत्ति विवाद से जुड़ा मामला

बलिया। जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपनी सौतेली मां, बड़े पिता और एक अन्य व्यक्ति पर पिता की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर बैरिया थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला अहमदाबाद (गुजरात) निवासी और वर्तमान में रेलवे स्टेशन सुरेमनपुर के पास रह रही प्रियंका गुप्ता पत्नी गोपाल का है। उन्होंने अदालत में वाद दाखिल कर बताया कि उनकी माता का निधन वर्ष 2018 में हो गया था। इसके बाद उनके बड़े पिता शंकर गुप्ता ने रिस्तेदारी की पूनम नाम की महिला से उनके पिता शंभू गुप्ता की दूसरी शादी कराई थी।

यह भी पढ़े - बाराबंकी : फ्लाइट लेफ्टिनेंट शंकर दयाल को श्रद्धांजलि, मेधावी छात्रों व समाजसेवकों को किया सम्मानित

प्रियंका ने बताया कि पहली पत्नी से उनके पिता की पांच बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। शादी के बाद से ही सौतेली मां पूनम और बड़े पिता शंकर गुप्ता संपत्ति हड़पने के लिए उनके पिता को परेशान करने लगे। प्रियंका के अनुसार, जब भी वे पिता से मिलने आतीं, दोनों उनसे झगड़ा और मारपीट करते थे।

आरोप है कि 8 मई 2025 को पूनम, शंकर गुप्ता और धनजी गुप्ता ने मिलकर शंभू गुप्ता की हत्या कर शव गायब कर दिया। प्रियंका ने यह भी बताया कि धनजी ने उनके पिता की दुकान तोड़कर अपनी दुकान में मिला ली थी।

कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज करने और जांच के आदेश दिए। इसके बाद बैरिया थाना पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी विपिन सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पूरा मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.