Ballia News: बलिया में फिर मुठभेड़, 25 हज़ार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Ballia News: बलिया शहर कोतवाली पुलिस ने दवा व्यापारी अरुण गुप्ता पर हमले में शामिल एक और वांछित बदमाश को मुठभेड़ के बाद धर दबोचा है। बुधवार देर रात हुई इस मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस अपराधी पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह द्वारा ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर ने बताया कि बुधवार रात लगभग 12:45 बजे एससी कॉलेज चौराहे पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध काली मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह रुकने की बजाय तेजी से काजीपुर रेलवे क्रॉसिंग की ओर भाग निकला।

यह भी पढ़े - Ballia News : गोड़ जाति प्रमाण पत्र की मांग पर धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों को SDM का नोटिस

पुलिस टीम ने पीछा किया और घेराबंदी की कोशिश की। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायर किया, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बदमाश की पहचान और आपराधिक इतिहास

पकड़े गए बदमाश की पहचान रोहित वर्मा उर्फ सरल, पुत्र स्व. ठाकुर प्रसाद वर्मा, निवासी देवरिया कला, थाना फेफना के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि यह 21 मई को दवा कारोबारी अरुण गुप्ता पर जानलेवा हमला करने में शामिल था। इस पर कोतवाली बलिया में धारा 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह अपराधी 28 मई को माल्देपुर में हुई एक अन्य मुठभेड़ में भी शामिल था, लेकिन उस वक्त अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था।

और क्या-क्या मिला कब्जे से

पूछताछ में रोहित वर्मा ने खुलासा किया कि उसने 4 जून की शाम बलिया रेलवे स्टेशन से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी और बिहार भागने की फिराक में था। पुलिस ने उसके पास से .32 बोर की एक देशी पिस्टल, एक खोखा, जिंदा कारतूस, ₹2700 नकद और चोरी की काली मोटरसाइकिल बरामद की है।

गौरतलब है कि आरोपी कोतवाली बलिया में दर्ज केस संख्या 194/2025 के तहत ₹25,000 का इनामी अपराधी था। पुलिस ने आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.