- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News : करंट लगने से ई-रिक्शा चालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
Ballia News : करंट लगने से ई-रिक्शा चालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
बलिया (उभांव): पतनारी गांव में बुधवार की सुबह करंट लगने से एक ई-रिक्शा चालक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 49 वर्षीय सुशील कुमार के रूप में हुई है, जो घर पर स्नान के दौरान पानी की मोटर चलाते वक्त करंट की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि मोटर में तकनीकी खराबी के कारण करंट फैल गया, जिससे सुशील गंभीर रूप से झुलस गए।
घर के इकलौते कमाने वाले थे सुशील
सुशील कुमार अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। वह ई-रिक्शा चलाकर पत्नी और चार बच्चों – दो बेटों और दो बेटियों – का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बेटे की नौकरी की खुशी मातम में बदली
इस घटना से परिवार में छाई खुशी भी मातम में बदल गई। हाल ही में सुशील का बड़ा बेटा राजा कुमार आईटीआई की पढ़ाई पूरी कर गुजरात में नौकरी करने गया था। नई नौकरी जॉइन करने की तैयारी में पूरा परिवार उत्साहित था, लेकिन पिता की अचानक मौत ने सारी खुशियां छीन लीं।
गांव में शोक, आर्थिक मदद की मांग
सुशील की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण लगातार पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए ताकि उनके जीवन-यापन में कोई रुकावट न आए।
