- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में महिला ने जीजा समेत तीन पर लगाए गंभीर आरोप, 17 वर्षों तक शोषण का दावा; मुकदमा दर्ज
बलिया में महिला ने जीजा समेत तीन पर लगाए गंभीर आरोप, 17 वर्षों तक शोषण का दावा; मुकदमा दर्ज
बलिया : 'मेरी मां होती, मेरे बाप होते तो मैं उनसे अपने दिल की बातें कहती... अब मैं किससे कहूं, मुझे समझ नहीं आता।' सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला की दर्दभरी आपबीती ने लोगों को झकझोर दिया है। वीडियो में वह रो-रोकर अपनी पीड़ा बता रही है। पीड़िता ने अपने जीजा, बहन समेत तीन लोगों पर 17 वर्षों तक शोषण, मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
महिला का आरोप है कि शादी के बाद आरोपी ने उसके पति को उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें दिखा दीं, जिससे शादी के महज 15 दिन बाद ही उसका वैवाहिक संबंध टूट गया। इसके बाद भी वर्षों तक उसका मानसिक, शारीरिक और आर्थिक शोषण किया जाता रहा। महिला ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके साथ जानवरों की तरह मारपीट की जाती थी। दो वर्ष पहले हुई मारपीट में उसका पैर टूट गया था, उसके बाल काट दिए गए थे और गर्म प्रेस से भी दागा गया था। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया था और उसे कहीं आने-जाने की आजादी नहीं थी।
महिला का दावा है कि उसके पास अपने आरोपों के समर्थन में सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्य मौजूद हैं, जिनकी जांच कराई जा सकती है। वायरल वीडियो में महिला अपने दिवंगत माता-पिता को याद करते हुए भावुक हो जाती है। वह कहती है कि अगर उसके माता-पिता जीवित होते, तो वह अपना दर्द उनसे साझा करती।
उसने मुख्यमंत्री, पुलिस प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाते हुए अपनी जान को खतरा बताया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर उसके जीजा, दीदी सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
