- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया: 20 साल से फरार खाद्यान्न घोटाले का आरोपी गिरफ्तार, रिश्तेदार के घर छिपकर रह रहा था कोटेदार
बलिया: 20 साल से फरार खाद्यान्न घोटाले का आरोपी गिरफ्तार, रिश्तेदार के घर छिपकर रह रहा था कोटेदार
बलिया। बहुचर्चित खाद्यान्न घोटाले में करीब 20 वर्षों से फरार चल रहे वांछित आरोपी को आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW) और पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के शिवरामपुर गांव में अपने रिश्तेदार के घर छिपकर रह रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दोकटी थाना क्षेत्र के श्रीपतिपुर गांव निवासी 51 वर्षीय कोटेदार जलेश्वर राम के रूप में हुई है।
2002 से 2005 के बीच हुआ था खाद्यान्न घोटाला
मामला वर्ष 2002 से 2005 के बीच का है। केंद्र और राज्य सरकार की संपूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना के तहत मुरलीछपरा विकासखंड के विभिन्न गांवों में क्षेत्र पंचायत अंश से नाली, खड़ंजा, सीसी रोड, पुलिया और संपर्क मार्गों पर मिट्टी का कार्य कराया जाना था। योजना के तहत मजदूरों को मजदूरी के बदले चावल और नकद राशि दी जानी थी।
आरोप है कि तत्कालीन कार्य प्रभारियों और कोटेदारों ने मिलीभगत कर फर्जी मास्टर रोल तैयार किए। कागजों पर फर्जी श्रमिकों के नाम दर्ज कर उनके हिस्से का खाद्यान्न वितरित दिखा दिया गया, जबकि वास्तविक मजदूरों को न तो खाद्यान्न मिला और न ही मजदूरी का भुगतान हुआ।
इस तरह सरकारी धन और खाद्यान्न में करीब 53 लाख 50 हजार 75 रुपये की अनियमितता किए जाने का आरोप है। इस पूरे मामले में जिले में कुल 43 मुकदमे दर्ज किए गए थे।
EOW की जांच में मिले थे साक्ष्य
आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन की जांच में आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने की बात सामने आई थी। इसके बावजूद वह लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था। वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ईओडब्ल्यू और पुलिस की टीम ने उसे गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी को विशेष न्यायाधीश, भ्रष्टाचार निवारण न्यायालय, आजमगढ़ के समक्ष पेश किया जाएगा।
बांसडीह प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि ईओडब्ल्यू की टीम आई थी और आरोपी को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है।
