- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- कानपुर
- Kanpur News : कानपुर में ऑटो चालक पर फायरिंग, स्कॉर्पियो से कुचलने की कोशिश; हिस्ट्रीशीटर के दो साथी...
Kanpur News : कानपुर में ऑटो चालक पर फायरिंग, स्कॉर्पियो से कुचलने की कोशिश; हिस्ट्रीशीटर के दो साथी पकड़े गए
कानपुर। हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के जूही कलां स्थित बस्ती में हंगामा करने का विरोध करना एक ऑटो चालक को भारी पड़ गया। आरोप है कि गैंगस्टर और हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर ने अपने साथियों के साथ मिलकर ऑटो चालक पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जान बचाकर भागने की कोशिश करने पर आरोपियों ने स्कॉर्पियो से ऑटो में जोरदार टक्कर मारकर चालक को कुचलने का प्रयास किया। घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने आरोपी के दो साथियों को पकड़ लिया।
विरोध करने पर तमंचे से की फायरिंग
उस्मानपुर के नटवनटोला कच्ची बस्ती निवासी गया प्रसाद अपनी रिश्तेदार सुमन देवी का ऑटो चलाते हैं। उनकी तहरीर के मुताबिक, 25 अक्टूबर की रात करीब साढ़े आठ बजे वह ऑटो लेकर घर लौट रहे थे। घर के पास काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार चार-पांच युवक हंगामा कर रहे थे।
स्थानीय लोगों ने जब इसका विरोध किया तो युवक गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि गया प्रसाद उन्हें समझाने पहुंचे तो स्कॉर्पियो से उतरे एक युवक ने खुद को अजय ठाकुर बताते हुए उन्हें धमकाया और तमंचे से फायरिंग कर दी।
स्कॉर्पियो से ऑटो को 20 मीटर तक घसीटा
फायरिंग के बाद गया प्रसाद जान बचाने के लिए ऑटो लेकर भागने लगे। आरोप है कि इस दौरान अजय ठाकुर ने स्कॉर्पियो से ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो करीब 20 मीटर तक घिसटता चला गया। गया प्रसाद ने ऑटो से कूदकर अपनी जान बचाई।
शोर सुनकर बस्ती के लोग मौके पर जुट गए। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार युवकों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान भीड़ ने आरोपी के दो साथियों को पकड़ लिया।
तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर और उसके दो साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
बताया गया कि घायल अजय को उपचार के बाद गैर जमानती वारंट (NBW) के आधार पर बर्रा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
