- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया: छात्रा से छेड़खानी का विरोध करने पर घर में घुसकर परिवार से मारपीट, महिला से अभद्रता का आरोप
बलिया: छात्रा से छेड़खानी का विरोध करने पर घर में घुसकर परिवार से मारपीट, महिला से अभद्रता का आरोप
बांसडीह (बलिया)। स्कूली छात्रा से कथित छेड़खानी का विरोध करना उसके परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि आधा दर्जन युवकों ने घर में घुसकर महिला और उसके पति के साथ मारपीट की। इस दौरान महिला के साथ अभद्रता करते हुए उसकी साड़ी खींचने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। घटना बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो महीने से छात्रा को परेशान करने का आरोप
महिला के मुताबिक, जब परिवार ने इस मामले की शिकायत की तो उसी रात करीब नौ बजे आधा दर्जन युवक उनके दरवाजे पर पहुंच गए।
घर में घुसकर महिला और पति से मारपीट
आरोप है कि युवकों ने पहले गाली-गलौज की और फिर घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट की। इस दौरान उसकी साड़ी खींचने का भी आरोप लगाया गया है। शोर सुनकर महिला के पति बचाने पहुंचे तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने महिला हेल्पलाइन 1090 पर फोन कर शिकायत की। वहां से उसे थाने जाने की सलाह दी गई, लेकिन रात होने के कारण वह तत्काल थाने नहीं पहुंच सकी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की विवेचनात्मक कार्रवाई में जुटी है।
