- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 15 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के कार्यभार बदले, शशि प्रकाश गोयल को नागरिक...
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 15 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के कार्यभार बदले, शशि प्रकाश गोयल को नागरिक उड्डयन का अतिरिक्त प्रभार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़ा फेरबदल किया है। शासन की ओर से जारी आदेश के तहत 15 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल सहित कई अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
शशि प्रकाश गोयल को नागरिक उड्डयन का अतिरिक्त प्रभार
शासनादेश के अनुसार, मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल को अपर मुख्य सचिव, नागरिक उड्डयन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव को कृषि उत्पादन आयुक्त बनाया गया है। उनके पास नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति, लघु सिंचाई एवं भूगर्भ जल विभाग, ग्रामीण पेयजल मिशन और राज्य स्वच्छ गंगा मिशन की जिम्मेदारी भी बनी रहेगी।
अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार-द्वितीय, जो अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास तथा एनआरआई विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, उन्हें संबंधित विभागों में अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
एम. देव राज को राज्य सतर्कता आयोग की जिम्मेदारी
प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के महानिदेशक एम. देव राज को राज्य सतर्कता आयोग के अध्यक्ष और प्रशासनाधिकरण-एक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
प्रमुख सचिव कृषि डॉ. एमकेएस सुंदरम को समन्वय तथा परियोजना निदेशक, यूपीएसआरडीपी की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, प्रमुख सचिव नियोजन एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन तथा आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग का कार्यभार संभाल रहे आलोक कुमार-तृतीय को वित्त, संस्थागत वित्त और बाह्य सहायतित परियोजना का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
अजय चौहान को यूपीसीडा का अतिरिक्त प्रभार
प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग एवं उपशा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अजय चौहान को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
वहीं, प्रमुख सचिव पंधारी यादव को बाह्य सहायतित परियोजना के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। उनके पास विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की जिम्मेदारी बनी रहेगी।
जल निगम और पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशकों की जिम्मेदारी बदली
उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक योगेश कुमार को पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। दूसरी ओर, पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस तरह दोनों अधिकारियों के अतिरिक्त प्रभार में आपसी बदलाव किया गया है।
कृष्ण कुमार बने झांसी मंडल के मंडलायुक्त
सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन कृष्ण कुमार को झांसी मंडल का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। वह प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और ग्रेटर शारदा सहायक समादेश क्षेत्र विकास प्राधिकरण के प्रशासक की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
वहीं, विशेष सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन तथा विशेष सचिव परती भूमि विकास चंद्रशेखर को मुख्य कार्यपालक अधिकारी, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और ग्रेटर शारदा सहायक समादेश क्षेत्र विकास प्राधिकरण के प्रशासक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
भूपेंद्र चौधरी को मानवाधिकार आयोग का अतिरिक्त प्रभार
सचिव प्रशासनिक सुधार भूपेंद्र एस. चौधरी को उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, प्रतीक्षारत चल रहे देवेंद्र सिंह कुशवाहा को विशेष सचिव, प्रशासनिक सुधार बनाया गया है।
इसके अलावा विशेष सचिव समाज कल्याण एवं उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के सचिव प्रवीण मिश्रा को उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम का प्रबंध निदेशक और जनजाति विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत प्रदेश के कई महत्वपूर्ण विभागों और संस्थाओं में अधिकारियों की जिम्मेदारियों का नए सिरे से निर्धारण किया गया है।
