UP Politics : अमित शाह के बयान पर अरविंद सिंह गोप का पलटवार, बोले- 2027 में अखिलेश यादव बनेंगे मुख्यमंत्री

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार को ‘अंगद के पैर’ की तरह कोई नहीं हिला सकता, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस बयान पर समाजवादी पार्टी ने पलटवार किया है। सपा के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की विदाई तय है और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।

गोप ने कहा कि जिस दिन भगवान श्रीराम का आशीर्वाद अवधेश प्रसाद को मिला और वह सांसद बने, उसी दिन भाजपा को अपनी राजनीतिक स्थिति का एहसास हो गया था। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल बैठकों और भाषणों के दम पर सत्ता में वापसी नहीं कर सकती।

विधान परिषद चुनाव के नतीजों को बताया जनता की नाराजगी का संकेत

स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के विधान परिषद चुनाव संपन्न होने के बाद अरविंद सिंह गोप ने मतदाताओं का आभार जताया। उन्होंने सपा की जीत को प्रदेश सरकार के खिलाफ जनता की नाराजगी का संकेत बताया।

गोप के मुताबिक, किसान, व्यापारी, नौजवान, महिलाएं, छात्र और शिक्षक मौजूदा सरकार से परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की है।

कांति सिंह का किया स्वागत

सपा नेता ने कांति सिंह का स्वागत और अभिनंदन करते हुए कहा कि वह पढ़ी-लिखी और अनुभवी महिला हैं। वह पहले भी विधान परिषद की सदस्य रह चुकी हैं। गोप ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव से पार्टी को मजबूती मिलेगी और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और स्नातक मतदाताओं को कांति सिंह से काफी उम्मीदें हैं।

मुलायम सिंह यादव को किया याद, अखिलेश के नेतृत्व की सराहना

अरविंद सिंह गोप ने समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी की स्थापना की थी और अब इसकी बागडोर अखिलेश यादव के हाथों में है। गोप ने कहा कि अखिलेश यादव न डरते हैं, न दबते हैं और न झुकते हैं। उनके नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने संघर्ष कर चुनाव में जीत हासिल की है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मतगणना से पहले ही सपा को आशंका थी कि सरकार पार्टी की जीत नहीं चाहती, लेकिन कार्यकर्ताओं की मेहनत और नेतृत्व के कारण विरोधी सफल नहीं हो सके।

2027 में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने का दावा

जब गोप से पूछा गया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा को कितनी सीटें मिलेंगी, तो उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगा और समाजवादी पार्टी को भी बड़ा बहुमत मिलेगा।

उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी पूरे देश की निगाह उत्तर प्रदेश पर थी। गोप ने दावा किया कि गरीबों, किसानों और नौजवानों के साथ खड़ी समाजवादी पार्टी को जनता का समर्थन मिलेगा।

उन्होंने दोहराया कि भाजपा की सत्ता में वापसी केवल बैठकों और भाषणों के भरोसे संभव नहीं है। उनके अनुसार, प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और 2027 का विधानसभा चुनाव भाजपा की विदाई का रास्ता तय करेगा।

खबरें और भी हैं

Latest News

बलिया में पंचायत चुनाव के ओबीसी आरक्षण पर मंथन, समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग ने आंकड़ों की समीक्षा की बलिया में पंचायत चुनाव के ओबीसी आरक्षण पर मंथन, समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग ने आंकड़ों की समीक्षा की
बलिया। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने और आरक्षण की स्थिति का...
UP Politics : अमित शाह के बयान पर अरविंद सिंह गोप का पलटवार, बोले- 2027 में अखिलेश यादव बनेंगे मुख्यमंत्री
लखनऊ ट्रिपल मर्डर केस: 25 हजार का इनामी राजेश शुक्ला गिरफ्तार, अब तक 7 आरोपी पकड़े गए
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 15 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के कार्यभार बदले, शशि प्रकाश गोयल को नागरिक उड्डयन का अतिरिक्त प्रभार
गाजीपुर में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, मां-बेटे समेत तीन की मौत; एक साथ उठीं अर्थियां
Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.