वाराणसी से दिल्ली के लिए शुरू होगी दूसरी स्लीपर वंदे भारत, रात 8:50 बजे चलेगी ट्रेन

वाराणसी। दीपावली और छठ पर्व से पहले रेल यात्रियों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार को बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर आठ से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

इस ट्रेन के शुरू होने से वाराणसी और दिल्ली के बीच रात में सफर करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

रात में वाराणसी से चलेगी, सुबह दिल्ली पहुंचाएगी

वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का ट्रेन नंबर 27421 होगा, जबकि वापसी में नई दिल्ली से वाराणसी आने वाली ट्रेन का नंबर 27422 निर्धारित किया गया है।

निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार, ट्रेन वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वहीं, वापसी में नई दिल्ली से रात 9:40 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी।

त्योहारी सीजन में यात्रियों को मिलेगी राहत

दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों से पहले इस ट्रेन की शुरुआत से वाराणसी और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले लोगों को एक और विकल्प मिलेगा। रातभर के सफर के बाद सुबह गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों के लिए उपयोगी होगी।

फर्रुखाबाद स्टेशन पर बदला वडोदरा-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन का समय

त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने 09111/09112 वडोदरा-गोरखपुर-वडोदरा साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन के फर्रुखाबाद स्टेशन पर ठहराव के समय में संशोधन किया है। रेलवे ने दोनों दिशाओं की ट्रेनों के लिए नई समय-सारिणी जारी की है। अन्य स्टेशनों पर ठहराव का समय पहले की तरह ही रहेगा।

जानिए वडोदरा-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन की नई टाइमिंग

रेलवे सूत्रों के अनुसार, ट्रेन संख्या 09111 वडोदरा-गोरखपुर साप्ताहिक विशेष गाड़ी 2 से 23 नवंबर के बीच फर्रुखाबाद स्टेशन पर दोपहर 12:20 बजे पहुंचेगी और 12:50 बजे रवाना होगी।

वहीं, ट्रेन संख्या 09112 गोरखपुर-वडोदरा साप्ताहिक त्योहार विशेष गाड़ी 4 से 25 नवंबर के बीच फर्रुखाबाद स्टेशन पर दोपहर 3 बजे पहुंचेगी और 3:30 बजे प्रस्थान करेगी।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस ट्रेन का अन्य स्टेशनों पर ठहराव पहले से निर्धारित समय के अनुसार ही रहेगा।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.