- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया डीएम ने देखा जिला महिला एवं पुरुष अस्पताल का सच
बलिया डीएम ने देखा जिला महिला एवं पुरुष अस्पताल का सच
बलिया : जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने सोमवार को जिला महिला और पुरुष अस्पताल का निरीक्षण किया। डीएम ने संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सीएमएस को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया।
जिला महिला अस्पताल के बिजली की समस्या को दूर करने के लिए जिलाधिकारी के प्रयासों से शासन स्तर से मंजूरी मिलने के बाद अस्पताल के लिए 50 केवीए का लोड बढ़ाया गया है। उन्होंने मौके पर पहुंचकर बिजली विभाग के मौजूद एसडीओ को अस्पताल के इलेक्ट्रीशियन को सभी बिजली संचालन संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में प्रशिक्षण देने को कहा। इसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल (पुरुष) का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने बच्चा वार्ड में भर्ती छोटे बच्चों के अभिभावकों से जाकर बातचीत की। निरीक्षण के दौरान कई जगह फर्श के गड्ढे मिले, जिसे सीएमएस डॉ सुजीत कुमार यादव को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रकांत द्विवेदी, जिला अस्पताल ( महिला) की सीएमएस डॉ सुष्मिता सिन्हा सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहे।
