- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; चार साथी भी दबोचे गए
पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; चार साथी भी दबोचे गए
बलिया : बांसडीह कोतवाली पुलिस ने गुरुवार की रात बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके चार अन्य साथियों को भी पुलिस ने दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, चाकू तथा तीन मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं, जिनमें एक चोरी की बाइक भी शामिल है।
पुलिस को देखते ही बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए अन्य चार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
घायल बदमाश की पहचान विशाल भारद्वाज उर्फ अच्छे राजभर पुत्र शिवबचन राजभर निवासी कस्बा सुखपुरा, थाना सुखपुरा के रूप में हुई। वहीं गिरफ्तार अन्य आरोपियों में रोहन सिंह पुत्र धनंजय सिंह, अभिनव सिंह पुत्र नीरज सिंह, मनीष कुमार पुत्र शंभुनाथ राम तथा विशाल भारद्वाज पुत्र स्व. हरिवंश भारद्वाज निवासी सुखपुरा शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक गैंग है, जो बलिया समेत अन्य जिलों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ जनपद एवं गैर जनपदों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, उप निरीक्षक बाँक बहादुर सिंह, अनूप कुमार, सौरभ श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल संदीप सिंह तथा कांस्टेबल मानस सिंह, मनोज सिंह, अखिलेश पटेल, अंकुर सिंह, उदय नारायण और शैलेश शामिल रहे।
