- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- फतेहपुर
- फतेहपुर में रिंद नदी में डूबने से चार दोस्तों की मौत, सोनभद्र में भी दो छात्रों की गई जान
फतेहपुर में रिंद नदी में डूबने से चार दोस्तों की मौत, सोनभद्र में भी दो छात्रों की गई जान
फतेहपुर/सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। ललौली थाना क्षेत्र के कुनुहा का डेरा स्थित रिंद नदी में स्नान करने गए छह दोस्त गहरे पानी में डूब गए। इनमें से दो युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि चार की दर्दनाक मौत हो गई।
काफी प्रयास के बाद निजाम और मोनू रैदास को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि हसीबुद्दीन (20), शाहिद (20), अंश प्रजापति (18) और शान (20) की डूबने से मौत हो गई। सभी युवक ललौली थाना क्षेत्र के तपनी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद गांव और नदी घाट पर मातम पसरा हुआ है।
वहीं सोनभद्र जिले में भी रविवार को नदी में डूबने से दो छात्रों की मौत हो गई। कोन थाना क्षेत्र की सोन नदी में नहाने के दौरान विमलेश कुमार (18) और अवनीश कुमार (19) गहरे पानी में डूब गए। दोनों इंटर के छात्र थे और ट्यूशन पढ़ने के बाद अपने मित्र धीरज के साथ नदी पर गए थे।
नदी में नहाते समय दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए। मित्र धीरज के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोन ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
