बागपत: तेज रफ्तार ईको कार की टक्कर से युवक की मौत, पिता ने चालक के खिलाफ दर्ज कराई FIR

बागपत। निरोजपुर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में 25 वर्षीय गुरजीत की मौत हो गई। मृतक के पिता सुरेंद्र ने ईको कार चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए थाना बागपत में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मेरठ के गेसूपुर जनूबी निवासी गुरजीत सिसाना जंगल–निरोजपुर मार्ग पर स्थित इनफिनिटिव सॉल्यूशन कंपनी में कार्यरत था और रोजाना बाइक से आवागमन करता था। 16 नवंबर की शाम करीब 6 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल (UP-15-EZ-9024) से निरोजपुर जा रहा था। उसके दोस्त अमित और रजित अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर पीछे चल रहे थे।

यह भी पढ़े - बलिया में निर्माणाधीन पुल पर हादसा, ढांचा गिरने से दो मजदूरों की मौत

इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार ईको कार (UP-15-EL-4669) ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गुरजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी युवकों ने तुरंत पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद गुरजीत का अंतिम संस्कार कर दिया। तेरहवीं के बाद प्रत्यक्षदर्शियों से पूरी जानकारी मिलने पर पिता सुरेंद्र ने FIR दर्ज कराई। वह आरोपी चालक के विरुद्ध जल्द कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और पुलिस वाहन व चालक की तलाश में जुटी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.