बदायूं: डबल डेकर बस की जोरदार टक्कर में लोडर चालक और चार पशुओं की मौत, दो लोग गंभीर घायल

विजयनगला। बरेली–मथुरा राजमार्ग पर घटपुरी गांव के पास शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजस्थान की डबल डेकर बस ने दो लोडर वाहनों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कासगंज निवासी लोडर चालक चंद्र किशोर (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार पशुओं की भी जान चली गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, कासगंज के थाना सड़पुरा क्षेत्र के गंगसारा गांव निवासी खिलाड़ी अपने बेटे गौरव के साथ 9 पशु बेचने के लिए लोडर से देवचरा बाजार जा रहे थे। उनके पीछे बर्फ से लदा दूसरा लोडर वाहन भी जा रहा था। गंगा एक्सप्रेस-वे उतरने के पास अचानक बस ने तेज रफ्तार में दोनों वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे सड़क पर हड़कंप मच गया और राजमार्ग पर जाम की स्थिति बन गई।

यह भी पढ़े - प्रेमिका की शादी तय होने से आहत युवक ने फांसी लगाई

सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस व लोडर को सड़क किनारे हटवाया और यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने चंद्र किशोर को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। खिलाड़ी और उनका बेटा गंभीर घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। पांच पशु घायल बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.