- Hindi News
- विदेश
- ओम बिरला ने बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री तारिक रहमान से की मुलाकात, पीएम मोदी का पत्र सौंपा
ओम बिरला ने बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री तारिक रहमान से की मुलाकात, पीएम मोदी का पत्र सौंपा
ढाका। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बांग्लादेश के नवनियुक्त प्रधानमंत्री तारिक रहमान से शिष्टाचार भेंट की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से एक व्यक्तिगत पत्र सौंपते हुए उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया। बिरला बांग्लादेश की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करने के लिए ढाका पहुंचे थे।
ओम बिरला ने कहा कि भारत लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी राष्ट्र निर्माण के प्रयासों में बांग्लादेश के साथ खड़ा है और दोनों देशों के बीच सहयोग को और गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हमीदुल्लाह ने भी ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि शपथ ग्रहण समारोह के बाद लोकसभा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री रहमान ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाएं स्वीकार कीं। दोनों पक्षों ने भारत और बांग्लादेश के लोगों की भलाई के लिए मिलकर कार्य करने और जन-केंद्रित साझेदारी को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई।
इससे पहले दिन में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के अध्यक्ष तारिक रहमान ने 13वें संसदीय चुनाव में पार्टी की जीत के बाद बांग्लादेश के 11वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके साथ मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्यों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली। बीएनपी की 50 सदस्यीय कैबिनेट में 25 मंत्रियों और 24 राज्य मंत्रियों को शामिल किया गया है।
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा अध्यक्ष की उपस्थिति भारत और बांग्लादेश के बीच गहरी मित्रता और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों को दर्शाती है। बयान में कहा गया कि भारत तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश में चुनी हुई सरकार का स्वागत करता है और दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जनसंपर्क संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
