- Hindi News
- भारत
- हजारों लोगों की मौजूदगी में अध्यात्म, संगीत और साउंड हीलिंग से सराबोर हुआ ‘द हीलिंग कॉन्सर्ट- अध्याय...
हजारों लोगों की मौजूदगी में अध्यात्म, संगीत और साउंड हीलिंग से सराबोर हुआ ‘द हीलिंग कॉन्सर्ट- अध्याय 1 : आरंभ’
इंदौर : तेज रफ्तार जिंदगी, बढ़ते तनाव और रोजमर्रा की भागदौड़ के बीच इंदौर ने शनिवार शाम सुकून और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनूठा अनुभव महसूस किया। स्काईलाइन होटल एंड रिसॉर्ट में आयोजित ‘द हीलिंग कॉन्सर्ट- अध्याय 1 : आरंभ’ में अध्यात्म, संगीत और साउंड हीलिंग का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने हजारों लोगों को देर रात तक मंत्रमुग्ध बनाए रखा।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इंदौर ने स्वच्छता में देशभर में नई पहचान बनाई है और अब योग, मानसिक स्वास्थ्य तथा सकारात्मक जीवनशैली के क्षेत्र में भी प्रेरणा बनता जा रहा है।
उन्होने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को भीतर से मजबूत बनाने का काम करते हैं और शहर की सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा देते हैं।
शुभांगी चौहान की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कॉन्सर्ट की आयोजक और वेलनेस कोच शुभांगी चौहान ने अपनी प्रस्तुतियों से पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। ‘शिव तांडव’, ‘शिव शक्ति’ और अन्य आध्यात्मिक प्रस्तुतियों पर लोग देर रात तक झूमते नजर आए।
कार्यक्रम में लाइव भजन जैमिंग, मंत्रोच्चार, साउंड हीलिंग और शिव-शक्ति ऊर्जा से जुड़े विशेष अनुभवों ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। कई लोग आंखें बंद कर मंत्रों को महसूस करते दिखे, तो कई भजनों की धुनों में डूबे नजर आए।
साउंड हीलिंग और सिंगिंग बाउल्स की ध्वनियों के साथ मधुर सितार वादन ने भी वातावरण को आध्यात्मिक गहराई और शांति से भर दिया।
‘इंदौर रहेगा नंबर 1’ के नारों से गूंजा परिसर
कार्यक्रम में योग मित्र टीम की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। टीम ने इंदौर को स्वस्थ, जागरूक और योगमय शहर बनाने का संदेश दिया। प्रस्तुति के बाद पूरे परिसर में “इंदौर रहेगा नंबर 1” के नारे गूंजते रहे।
मानसिक शांति और आत्मचिंतन का संदेश
अपने हीलिंग सेशन के दौरान शुभांगी चौहान ने कहा, “मन इसलिए भारी हो जाता है, क्योंकि हम भीतर मिलने वाली शांति को बाहर की दुनिया में तलाशते रहते हैं।”
उनकी इस बात ने उपस्थित लोगों को आत्मचिंतन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संगीत, मंत्र और भावनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को आध्यात्मिक यात्रा जैसा अनुभव कराया।
बना विश्व रिकॉर्ड
कार्यक्रम की खास उपलब्धियों में ‘मेंटल वेलनेस के लिए कल्चरल इंटीग्रेशन के साथ सबसे बड़ा साउंड हीलिंग कॉन्सर्ट’ का विश्व रिकॉर्ड भी शामिल रहा।
आयोजन में शामिल लोगों ने इसे केवल एक कॉन्सर्ट नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक सुकून से जुड़ा अनोखा अनुभव बताया।
आयोजकों के अनुसार, ‘द हीलिंग कॉन्सर्ट- अध्याय 1 : आरंभ’ को भविष्य में देश के अलग-अलग शहरों तक ले जाने की योजना है, ताकि संगीत, मंत्र और सकारात्मक ऊर्जा के जरिए लोगों तक मानसिक शांति का संदेश पहुंचाया जा सके।
