- Hindi News
- मनोरंजन
- अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस पर ‘यादें’ के कलाकारों ने साझा किया चाय से जुड़ा खास रिश्ता
अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस पर ‘यादें’ के कलाकारों ने साझा किया चाय से जुड़ा खास रिश्ता
मुंबई : भारत में चाय सिर्फ एक पेय नहीं, बल्कि लोगों की भावनाओं और रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा मानी जाती है। सुबह की शुरुआत हो या दोस्तों और परिवार के साथ सुकून भरे पल, एक कप चाय लोगों को करीब लाने का काम करता है। अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस के मौके पर सोनी सब के शो यादें के कलाकार इक़बाल खान, अर्जुन पुंज और सृष्टि सिंह ने चाय से जुड़ी अपनी खास यादें साझा कीं।
शो में डॉ. देव मेहता का किरदार निभा रहे इक़बाल खान ने कहा कि भले ही वे रोजाना चाय नहीं पीते, लेकिन चाय से जुड़ी यादें उनके लिए बेहद खास हैं। उन्होंने बताया कि जब भी वह अपने माता-पिता से मिलने कश्मीर जाते हैं, तो ‘नून चाय’ उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन जाती है।
उन्होंने कहा कि परिवार के साथ बैठकर कश्मीरी बेकरी के पकवानों के साथ चाय पीना उन्हें घर और परिवार की याद दिलाता है।
अर्जुन पुंज ने सुनाया बचपन का किस्सा
डिग्गी का किरदार निभा रहे अर्जुन पुंज ने कहा कि उन्हें बचपन से ही चाय से बेहद लगाव रहा है। उन्होंने बताया कि वह अपनी मां को दिनभर चाय पीते देखते थे और उनके साथ बैठकर बिस्किट चाय में डुबोकर खाने का इंतजार करते थे।
अर्जुन ने कहा कि समय के साथ चाय उनकी जिंदगी का खूबसूरत हिस्सा बन गई। उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि उनकी पत्नी गुर्दीप, जो पहले कॉफी पसंद करती थीं, अब उनकी वजह से चाय की शौकीन हो गई हैं।
सृष्टि सिंह को याद आती है मां के हाथ की चाय
डॉ. वाणी का किरदार निभा रहीं सृष्टि सिंह ने कहा कि जब भी वह थकी होती हैं या घर की याद आती है, तब उन्हें मां के हाथ की चाय सबसे ज्यादा सुकून देती है।
उन्होंने कहा कि मां के हाथ की चाय सिर्फ स्वाद नहीं, बल्कि अपनापन, गर्माहट और प्यार का एहसास भी देती है।
यादें का प्रसारण हर सोमवार से शनिवार रात 8 बजे सिर्फ सोनी सब पर किया जाता है।
