स्क्वैश वर्ल्ड कप 2025 : अनाहत सिंह की ऐतिहासिक जीत, भारत ने हांगकांग को हराकर रचा इतिहास

चेन्नई। युवा स्टार अनाहत सिंह के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने फाइनल में हांगकांग को शिकस्त देकर स्क्वैश वर्ल्ड कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया। यह भारत का इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पहला खिताब है। इसके साथ ही भारत ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और मिस्र के बाद स्क्वैश वर्ल्ड कप जीतने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है। टूर्नामेंट में दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय टीम ने खिताब तक के सफर में एक भी मुकाबला नहीं गंवाया।

ग्रुप चरण में भारत ने स्विट्जरलैंड और ब्राजील को 4-0 से एकतरफा हराया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में दक्षिण अफ्रीका और सेमीफाइनल में दो बार के चैंपियन मिस्र को 3-0 से मात देकर मिक्स्ड-टीम स्क्वैश इवेंट के फाइनल में जगह बनाई।

यह भी पढ़े - जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में टीम इंडिया की चुनौती थमी, मिली करारी हार

फाइनल मुकाबले में भारत की अनुभवी खिलाड़ी जोशना चिनप्पा ने शानदार आगाज किया। पीएसए रैंकिंग में 79वें स्थान पर मौजूद जोशना ने महिला एकल के पहले मुकाबले में विश्व नंबर 37 ली का यी को 3-1 (7-3, 2-7, 7-5, 7-1) से हराकर भारत को बढ़त दिलाई।

इसके बाद एशियाई खेलों के पदक विजेता अभय सिंह ने पुरुष एकल में बेहतरीन खेल दिखाते हुए विश्व नंबर 42 एलेक्स लाउ को 3-0 (7-1, 7-4, 7-4) से पराजित कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी।

खिताब पक्का करने की जिम्मेदारी 17 वर्षीय अनाहत सिंह पर थी, जिसे उन्होंने पूरी मजबूती से निभाया। तीसरे मुकाबले में अनाहत ने विश्व नंबर 31 टोमाटो हो के खिलाफ दबाव में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 (7-2, 7-2, 7-5) से जीत दर्ज की और भारत को ऐतिहासिक खिताब दिला दिया। इस जीत के बाद पुरुष एकल नेशनल चैंपियन वेलवन सेंथिलकुमार को फाइनल में कोर्ट पर उतरने की जरूरत ही नहीं पड़ी।

भारत की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने देश के स्क्वैश इतिहास में एक नया सुनहरा अध्याय जोड़ दिया है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.