- Hindi News
- भारत
- Operation Sagar Bandhu: राहत सामग्री की दूसरी खेप लेकर श्रीलंका पहुंचा वायुसेना का C-130 और IL-76 वि...
Operation Sagar Bandhu: राहत सामग्री की दूसरी खेप लेकर श्रीलंका पहुंचा वायुसेना का C-130 और IL-76 विमान, बारिश और भूस्खलन से अब तक 70 मौतें
Operation Sagar Bandhu: राहत सामग्री की दूसरी खेप श्रीलंका पहुंचाई, भारतीय वायुसेना के C-130 और IL-76 विमानों ने निभाई अहम भूमिका, बारिश व भूस्खलन में अब तक 70 मौतें
दिल्ली। भारत ने ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत मानवीय सहायता मुहैया कराने के लिए राहत सामग्री और अर्धसैनिक बलों के कर्मियों के साथ भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के दो परिवहन विमानों - सी-130 और आईएल-76- को श्रीलंका भेजा है। भारत ने चक्रवात ‘दित्वा’ के बाद उत्पन्न संकट की घड़ी में श्रीलंका की सहायता के लिए ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ की शुरुआत की है।
उसने कहा, ‘‘भारतीय वायुसेना ने 28/29 नवंबर 2025 की रात हिंडन वायुसेना अड्डे से एक ‘सी-130’ और एक ‘आईएल-76’ विमान तुरंत रवाना किए, जिन्होंने 21 टन राहत सामग्री, 80 से अधिक एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) कर्मियों और आठ टन उपकरणों को लेकर कोलंबो के लिए उड़ान भरी।’’
अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित समुदायों की मदद के लिए आवश्यक राशन और महत्वपूर्ण सामग्री श्रीलंका पहुंचायी गयी है। वायुसेना ने कहा, ‘‘ ‘पड़ोसी पहले’ की भावना को ध्यान में रखते हुए भारत इस कठिन समय में श्रीलंका के साथ मजबूती से खड़ा है।’’
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी शनिवार को ‘एक्स’ पर ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ से जुड़ी ताजा जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, ‘‘भारतीय वायुसेना का एक और ‘आईएल-76’ विमान नौ टन राहत सामग्री और 80 एनडीआरएफ कर्मियों वाली शहरी खोज एवं बचाव अभियान की दो टीम को लेकर कोलंबो पहुंचा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वायु और समुद्र, दोनों मार्गों से अब तक लगभग 27 टन राहत सामग्री पहुंचायी जा चुकी है। और मदद रास्ते में है। ऑपरेशन सागर बंधु जारी है।...’’ ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत राहत सामग्री की पहली खेप भारतीय नौसेना के विमानवाहक पोत ‘आईएनएस विक्रांत’ और युद्धपोत ‘आईएनएस उदयगिरि’ के जरिये श्रीलंका भेजी गयी थी।
श्रीलंकाई प्राधिकारियों के अनुसार, वहां बाढ़ और भूस्खलन के कारण अब तक 50 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। श्रीलंका में 12,313 परिवारों के लगभग 43,900 लोग खराब मौसम से प्रभावित हुए हैं।
भारत ने श्रीलंका भेजी राहत सामग्री की दो और खेप
भारत ने चक्रवाती तूफान दितवा से प्रभावित श्रीलंका में ऑपरेशन 'सागर बन्धु शुरू' के तहत शनिवार को राहत सामग्री की दूसरी और तीसरी खेप भेजी। भारत ने दूसरी और तीसरी खेप में क्रमश 12 टन और 9 टन राहत सामग्री भेजी है। भारत अब तक श्रीलंका में 27 टन राहत सामग्री भेज चुका है। विदेश मंत्री डा.एस जयशंकर ने सोशल मीडिया पर दो अलग-अलग पोस्ट में कहा कि भारत ने चक्रवाती तूफान दितवा से प्रभावित श्रीलंका को मदद की दो खेप भेजी है।
उन्होंने कहा कि पहली खेप में वायु सेना के मालवाहक विमान सी-130 जे में लगभग 12 टन सहायता सामग्री कोलंबो भेजी है जिसमें टेंट, तिरपाल, कंबल, स्वच्छता किट और भोजन के पैकेट हैं। विदेश मंत्री ने कहा कि दूसरी खेप में वायु सेना के मालवाहक आईएल-76 विमान में नौ टन राहत सामग्री कोलंबो भेजी गई।
इसके अलावा दो बचाव टीमें और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के 80 सदस्य भेजे गये हैं। उन्होंने कहा कि भारत अब तक श्रीलंका में समुद्र और वायु मार्ग से लगभग 27 टन राहत सामग्री भेज चुका है तथा और राहत सामग्री भी भेजी जायेगी। उल्लेखनीय है कि श्रीलंका में चक्रवाती तूफान 'दित्वा' के कारण जान-माल का भारी नुकसान हुआ है और 70 लोगों की मौत हुई है तथा बड़ी संख्या में लोग लापता बताए गये हैं।
