- Hindi News
- भारत
- पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का दावा, शुभेंदु अधिकारी होंगे नए मुख्यमंत्री
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का दावा, शुभेंदु अधिकारी होंगे नए मुख्यमंत्री
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कोलकाता स्थित राजभवन पहुंचकर राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। इस दौरान उनके साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
भाजपा सूत्रों के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुई बैठक में शुभेंदु अधिकारी के नाम पर अंतिम मुहर लगी। इसके साथ ही उनका पश्चिम बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है।
भवानीपुर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को करीब 15 हजार वोटों से हराने के बाद शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे थे।
भाजपा के मुताबिक शुभेंदु अधिकारी 9 मई को रवींद्र जयंती के अवसर पर कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
इधर, राज्यपाल आर.एन. रवि द्वारा विधानसभा भंग किए जाने की घोषणा के बाद ममता बनर्जी आधिकारिक तौर पर पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री बन गई हैं। इसके साथ ही उनकी अगुवाई वाली पिछली राज्य कैबिनेट भी स्वतः समाप्त हो गई।
गौरतलब है कि चुनाव परिणाम आने के बाद 5 मई को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता बनर्जी ने कहा था कि वह राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने की परंपरा का पालन नहीं करेंगी, क्योंकि उनके अनुसार आधिकारिक परिणाम वास्तविक जनमत को नहीं दर्शाते हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि वह तृणमूल कांग्रेस की हार और भवानीपुर सीट से अपनी व्यक्तिगत हार को स्वीकार नहीं कर रही हैं।
